
अनूपपुर, मध्य प्रदेश
अनूपपुर जिले में शराब ठेकेदार वीरेंद्र राय की मनमानी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। जानकारी के अनुसार ठेकेदार ने लीला टोला पुष्पराजगढ़ क्षेत्र में बीच सत्र के दौरान नई शराब दुकान खोल दी, जबकि इसकी अनुमति विभाग द्वारा नहीं दी गई थी। ग्रामीणों ने पहले ही इस अवैध दुकान का विरोध दर्ज कराया था, लेकिन नियमों को ताक पर रखकर रातों रात दुकान शुरू कर दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि बिना अनुमति दुकान खोलना पूरी तरह गैरकानूनी है और प्रशासन इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
स्थानीय sources के मुताबिक शराब ठेकेदार को आबकारी अधिकारी खेमराज सिंह का खुला संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण वह लगातार नियम विरुद्ध गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। जिला आबकारी अधिकारी के अनुसार जिले में वर्तमान में 21 मान्यता प्राप्त शराब दुकानें संचालित हैं। ऐसे में सवाल यह उठता है कि बिना किसी आदेश या प्रक्रिया के 22वीं नई दुकान बीच सत्र में कैसे खुल गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है और अवैध दुकान को बंद कराने की अपील की है। मामले ने जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट: सुशील कुमार सोनी









