
बांदा उत्तर प्रदेश
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में तीन सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी जे. रीभा से भेंट कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल ने मांग की कि स्वतंत्रता संग्राम के प्रख्यात सेनानी पंडित गोपीनाथ दनादन जी की स्मृति में निर्मित कल्पवृक्ष वाटिका का उचित सौंदर्यीकरण किया जाए।
ज्ञापन में बताया गया कि यह वाटिका तत्कालीन जिलाधिकारी नगेंद्र प्रताप, एडीएम राजेश कुमार और डीएफओ अरविंद कुमार के निर्देशन में कलेक्ट्रेट परिसर में निर्मित की गई थी। इसमें क्रांतिकारी दनादन जी की स्मृति में जिलाधिकारी द्वारा कल्पवृक्ष का रोपण भी किया गया था।
प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि वर्तमान में वाटिका का फर्श कच्चा होने के कारण बारिश में कीचड़ और घास उगने से आगंतुकों को असुविधा होती है। इसलिए फर्श की इंटरलॉकिंग कराकर उसे पक्का करने की मांग की गई है। साथ ही शाम होते ही अंधेरा होने के कारण प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
प्रतिनिधि मंडल में राजेश दीक्षित के साथ अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी परिवार कल्याण महापरिषद के प्रदेश महामंत्री डॉ. संजय द्विवेदी ‘दनादन’ और मंडल अध्यक्ष सत्य प्रकाश द्विवेदी भी उपस्थित रहे।
यह वाटिका न केवल स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत का प्रतीक है, बल्कि नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने का माध्यम भी है।
रिपोर्टर: शिवनेश द्विवेदी









