थाना उत्तर क्षेत्र, फिरोजाबाद
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में यातायात माह-नवंबर 2025 के तहत मंगलवार को थाना उत्तर क्षेत्र में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। साप्ताहिक मंगल बाजार में प्रभारी निरीक्षक यातायात और उनकी टीम ने व्यापारियों व आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई।
अभियान में पुलिस टीम ने बैनर, पम्पलेट, पोस्टर और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के महत्व को उजागर किया। नागरिकों को आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने, यातायात संकेतों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट पहनने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने जैसी जानकारियाँ दी गईं।
फिरोजाबाद पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों का पालन करें, नशे में वाहन न चलाएँ और दूसरों की जान को खतरे में न डालें।
इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना, नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
रिपोर्टर: राजा शर्मा









