हाजीपुर, बिहार
विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र में सोनपुर मेले का आज भव्य उद्घाटन हुआ। आचार संहिता के चलते उद्घाटन सारण रेंज के कमिश्नर राजीव रौशन ने किया। इस मौके पर डीआईजी नीलेश कुमार, डीएम अमन समीर और सारण एसपी कुमार आशीष सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह के दौरान कमिश्नर राजीव रौशन ने मंच से कहा कि गंगा और गंडक के संगम पर स्थित सोनपुर मेले का गौरवशाली इतिहास रहा है। यह मेला परंपरा, संस्कृति और कला का प्रतीक है और वर्षों से यह आयोजन लोगों के लिए गर्व का विषय रहा है। उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले एक महीने के दौरान कई कलाकार मुख्य मंच से अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
इस वर्ष मेले में विभिन्न राज्यों से व्यापारी पशु-पक्षियों के साथ पहुंचे हैं, जिसमें घोड़ा बाजार प्रमुख आकर्षण बन रहा है। इसके अलावा, मेले में कई विभागों के सरकारी स्टॉल भी लगाए गए हैं। लाखों की संख्या में पर्यटकों के आने की संभावना है, जिससे स्थानीय व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
संवाददाता: नवीन कुमार









