प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश
प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना मानिकपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जेल में बंद गैंग सरगना राजेश मिश्रा के अंतर्राज्यीय नेटवर्क पर छापा मारते हुए 2 करोड़ 1 लाख 55 हजार 345 रुपये नकद, 6.075 किलो गांजा और 577 ग्राम स्मैक बरामद की। बरामद नशीले पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस ने मौके से सरगना की पत्नी रीना मिश्रा, पुत्र विनायक मिश्रा, पुत्री कोमल मिश्रा, रिश्तेदार अजीत कुमार मिश्रा और यश मिश्रा को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि सरगना राजेश मिश्रा जेल में बंद होने के बावजूद बाहर से पूरे तस्करी नेटवर्क को संचालित कर रहा था। इससे पहले भी पुलिस ने उसके परिवार की तीन करोड़ से अधिक मूल्य की संपत्ति कुर्क की थी।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि बरामद गांजे की कीमत लगभग 3 लाख 3 हजार रुपये और स्मैक की कीमत करीब 1 करोड़ 15 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई प्रयागराज जोन के आला अधिकारियों के निर्देशन में संगठित अपराध और ड्रग नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।
रिपोर्ट: रमेश श्रीवास्तव









