
अनूपपुर, मध्यप्रदेश
अनूपपुर में राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद द्वारा आयोजित भव्य पत्रकार सम्मान एवं संवाद सम्मेलन में जिले के पत्रकारों को बड़ी सौगात मिली। कार्यक्रम में कलेक्टर हर्षल पंचोली और मंत्री दिलीप जायसवाल ने आश्वासन दिया कि जिला मुख्यालय में पत्रकार भवन का निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा। परिषद की ओर से पत्रकार भवन की मांग रखी गई, जिस पर कलेक्टर ने कहा कि भूमि आबंटन की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी गई है और दो माह के भीतर इसका कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा। मंत्री जायसवाल ने भी भरोसा दिलाया कि पत्रकार भवन के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और वे स्वयं मुख्यमंत्री से चर्चा कर निधि उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम तीन सत्रों में संपन्न हुआ, जिसमें संवाद और सम्मान के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर पंचोली ने कहा कि पत्रकार समाज की आँख होते हैं और संवेदनशील व सत्य आधारित पत्रकारिता से ही विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के पत्रकारों की प्रतिबद्धता की सराहना की। मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज सुधार की शक्ति है। सम्मेलन में पुलिस के 9 अधिकारी–कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में चैतन्य मिश्रा, अजय सराफ, सुनील चौरसिया सहित कई पत्रकार व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सुशील कुमार सोनी रिपोर्टर









