अनूपपुर, मध्यप्रदेश
शासकीय तुलसी महाविद्यालय में बुधवार को बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर ‘मुस्कान विशेष अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और करीब 450 छात्राओं को सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
म.प्र. शासन गृह विभाग एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत छात्राओं को पाक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता में बालिकाओं की सुरक्षा संबंधी कानूनों के बारे में बताया गया। साथ ही डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1091, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई।
एसपी ने कहा कि साइबर अपराधों से बचने का सबसे बड़ा उपाय सजगता है। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करने, ओटीपी न बताने और संदिग्ध लिंक से बचने की सलाह दी।
रिपोर्टर: (अनूपपुर ब्यूरो)









