
झुमरीतिलैया, कोडरमा झारखंड
कोडरमा जिले के झुमरीतिलैया में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गृह संपर्क अभियान की शुरुआत की। यह अभियान 26 नवंबर तक चलेगा। संघ के अनुसार इसका उद्देश्य सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य और स्वदेशी को बढ़ावा देना है। अभियान संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चलाया जा रहा है, जिसमें पंच-परिवर्तन के संदेश को हर घर तक पहुंचाने की योजना है।
संघ के स्वयंसेवक 4 से 5 लोगों की टोली बनाकर नगर के सभी मोहल्लों में घर-घर संपर्क कर रहे हैं। वे संघ की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दे रहे हैं तथा साहित्य वितरण भी कर रहे हैं। झुमरीतिलैया के कुल 55 मंडलों और 16 बस्तियों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। स्वयंसेवक लोगों को पर्यावरण संरक्षण की पहल, परिवारिक मूल्यों को मजबूत करने तथा स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों तक संगठन के कार्यों को विस्तृत रूप से पहुंचाना और लोगों को संघ के विचारों व कार्यक्रमों से अवगत कराना है। स्वयंसेवक हर परिवार से संपर्क कर उन्हें संगठनात्मक गतिविधियों में शामिल होने का आग्रह भी कर रहे हैं।
संवाददाता विजय बरणवाल















