बांदा उत्तर प्रदेश
बांदा पुलिस अधीक्षक श्री पलाश बंसल के निर्देशन में यातायात जागरुकता माह के अंतर्गत महाराणा प्रताप चौराहे पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक श्री शिवराज और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी यातायात सुश्री मेविस टॉक ने किया।
कार्यक्रम में भागवत प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक और जागरुकता रैली के माध्यम से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। छात्रों ने अपने अभिनय के जरिए बताया कि सड़क पर एक छोटी गलती भी गंभीर परिणाम ला सकती है।
इस अवसर पर कक्षा 10 की छात्रा सार्वी श्रीवास्तव को एक घंटे के लिए ट्रैफिक इंस्पेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई। सार्वी ने चेकिंग अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी दी और 08 वाहनों के चालान काटे।
अपर पुलिस अधीक्षक श्री शिवराज ने छात्रों को यातायात जागरूकता के ब्रांड एम्बेसडर बताया और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में हेलमेट वितरण, शपथ ग्रहण और रैली भी आयोजित की गई।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नरैनी श्री कृष्णकांत त्रिपाठी, यातायात प्रभारी श्री संजय कुमार मिश्रा, मास्टर ट्रेनर श्री पीयूष मिश्र, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
शिवनेश द्विवेदी रिपोर्टर









