फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश
फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद पुलिस ने गुरुवार, 14 नवंबर 2025 को सराहनीय कार्रवाई करते हुए मु0अ0सं0 773/25 धारा 76 बीएनएस एवं 9एम/10 पॉक्सो एक्ट में वांछित अभियुक्त मोहन लाल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहन/व्यक्ति चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त मुस्तफाबाद रोड से गुजरेगा।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पुरातन तिराहे के पास घेराबंदी की। चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पहचान में वह मोहन लाल पुत्र रामप्रसाद, निवासी ग्राम विदर्खा, थाना शिकोहाबाद पाया गया।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई जारी है।
रिपोर्टर राजा शर्मा








